No video available
दूदू/मौजमाबाद. राज्य सरकार की ओर से मौजमाबाद पंचायत समिति क्षेत्र के किसानों को फसल खराबा का मुआवजा देने की घोषणा की गई थी लेकिन मौजमाबाद उपखंड क्षेत्र के किसानों की ओर से बार-बार गुहार लगाने एवं ज्ञापन देने के बाद भी किसानों को फसल खराबा की मुआवजा राशि नहीं मिलने से आक्रोशित किसानों ने बुधवार को उपखंड कार्यालय मौजमाबाद के सामने आजाद चौक में धरना दिया। उपखंड अधिकारी बलवीर सिंह को ज्ञापन सौंप कर मुआवजा राशि दिलवाने की मांग की। किसान नेता कमल चौधरी ने बताया कि मौजमाबाद पंचायत समिति क्षेत्र के 52 पटवार मंडलों में से 39 पटवार मंडलों के किसानों को मुआवजा राशि मिल चुकी है लेकिन 13 पटवार मंडलों के 80 गांवों के करीब 1000 किसानों को 70 करोड़ राशि का मुआवजा नहीं मिला है। इसके विरोध में किसान धरने पर बैठ गए। किसानों ने चेतावनी दी कि 15 जनवरी तक किसानों को मुआवजा राशि नहीं मिलती है तो जयपुर के पंत कृषि भवन के अधिकारियों के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। इस बीच उपखंड अधिकारी मौजमाबाद बलवीर सिंह मौके पर पहुंचे तथा किसान नेताओं से करीब 3 घंटे तक वार्ता की। वहीं अधिकारियों से मंथन किया। ज्ञापन सौंपने वालों में रामजीलाल ज्यानी, गणेश जेवलिया,किशन वैष्णव, रिजवान गौड़, नवरतमल गुर्जर, देवकरण गुर्जर, रामदेव गुर्जर, के.डी.खान, हिदायत नागौरी, जहीर खान, गोवर्धन गढ़वाल, राजेश माली, सूरजमल गणेशपुरा, हरजीराम रोज, रसीद मुल्तानी, कमरुद्दीन देशवाली, निजाम देशवाली आदि शामिल रहे।