
हाथी, ऊंट-घोड़े रहे आकर्षण का केन्द्र, कालबेलिया नृत्य ने मनमोहा
चौमूं.शहर में नगर परिषद की ओर से सोमवार को शाही लवाजमे के साथ ईसर संग गणगौर की सवारी निकाली गई। सवारी में शामिल हाथी, घोड़े, ऊंट और बैंडवादक मधुर स्वर लहरियां बिखेरते हुए चल रहे थे और कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुति दी। गणगौर की सवारी के दौरान बाजारों में मेला सा माहौल रहा। महिलाओं ने सज धजकर गणगौर माता की पूजा की। शाम 5.30 बजे नगर परिषद परिसर से शाही लवाजमे के साथ गणगौर की सवारी रवाना हुई। शहर के मुख्य बस स्टैण्ड, बावड़ी गेट, लक्ष्मीनाथ चौक, त्रिपोलिया बाजार, सदर बाजार, चौपड़, नया बाजार, रावण गेट, सुभाष सर्किल, धौली मंडी, थाना मोड़ चौराहा, जयपुर रोड होते हुए मोरीजा रोड स्थित गणगौरी चौक पहुंची। इसमें हाथी, ऊंट घोडे आकर्षण का केन्द्र रहे तो कालबेलिया नृत्य ने मन मोह लिया। गणगौर की सवारी के दौरान विधायक डॉ. शिखा मील बराला, सभापति विष्णु कुमार सैनी, एडवोकेट कमल भातरा, पार्षद महेन्द्र लांबा, संतोष गुलिया, ममता कुमावत, रजनी सैनी, कांग्रेस नेता शैलेन्द्र चौधरी, राकेश कुमावत, प्रहलाद गुलिया, रमेश सैनी सहित नगर परिषद के पार्षदों के साथ कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।(कासं.)
मेले का लुत्फ उठाया
यहां शहर के चौपड़ में गणगौर माता का मेला लगा। मेले में ब‘चों ने आइसक्रीम, चाट पकौडी आदि का लुत्फ उठाया। वहीं महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी की। मेले में दोपहर से लेकर देर शाम तक महिलाओं एवं ब‘चों की भीड़ लगी रही।