No video available
बिचून/महलां. जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर गुरुवार को मौखमपुरा के समीप बंबोरिया ढाणी के सामने रोडवेज बस व कार हादसे में 8 जनों की मौत हो गई। हादसे में मरने वाले सभी लोग भीलवाड़ जिले के रहने वाले थे और महाकुंभ में नहाने प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में हादसा हो गया। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सभी 8 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राजमार्ग पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि रोडवेज बस राजमार्ग पर पलट जाती तो बस में सवार कई यात्री काल का ग्रास बन सकते थे। रोडवेज बस जयपुर से जोधपुर जा रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा ने बताया कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कार में लोगों को संभाला तो कार पूरी तरह से कबाड़ में तब्दील हो गई थी। और कार सवार 8 जने बेसुध थे। वहीं बस में सवार यात्रियों की भी सांसें अटकी थी। बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार मच रही थी। होटल कर्मियों ने पुलिस को सड़क हादसे की जानकारी तत्काल जानकारी दी। देखते ही देखते कार सवार सभी लोगों की मात्र 10 मिनट में सांसें टूट गई। करीब दस मिनट बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे में बस चालक मोहन सिंह, यात्री माया नायक, गुन्नू व दो अन्य घायल हो गए।