No video available
सावरदा/फुलेरा @ पत्रिका. मौजमाबाद पंचायत समिति की सावरदा पंचायत के राजस्व ग्राम कचनार निवासी असिस्टेंट कमांडेंट डूंगरमल मीणा (42) पुत्र तूफान मीणा का गांव से फुलेरा जाते समय श्योसिंहपुरा के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार दोपहर उनके पैतृक गांव कचनार में सैन्य सम्मान के साथ डूंगरमल का अंतिम संस्कार किया गया। डूंगरमल के बेटे अंकित ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान डूंगरमल अमर रहे नारों के बीच सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
इससे पहले फुलेरा से कचनार तक 15 किलोमीटर लंबी तिरंगा रैली निकाली गई जिसमें आसपास के गांव के लोग सैकड़ों की संख्या में पहुंचे। डूंगरमल मीणा को जवानों ने सलामी दी। असिस्टेंट कमांडेंट डूंगरमल मीणा 180वीं वाहिनी बीएसएफ भोपाल में तैनात थे। वे छुट्टियों पर घर आए हुए थे। लेकिन सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई।डूंगरमल को पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शहीद ने देश और गांव का मान बढ़ाया है। वे बहादुर जवान थे। इस दौरान अंतिम यात्रा में बीएसएफ के अधिकारियों सहित जवानों व मौजमाबाद थानाधिकारी संजय मीणा, सोनू बलाई, पं.दुर्गादत शर्मा, छीतरमल खुर्डिया, धन्नालाल नोदल, देवीचंद रैगर आदि मौजूद रहे।