No video available
जयपुर. कछुआ बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दूदू पुलिस ने चार जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक दूदू शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि लदेरा थाना दूदू निवासी परिवादी सांवरमल ने 9 जून को मामला दर्ज कराया कि 3 मई को दांतरी में शराब के ठेके पर उसके पिता कानाराम को बिंजोलाव थाना नरैना निवासी मंगल, रामकरण बावरिया, ज्ञानदीप बावरिया व गोपाल बावरिया बाइक व जीप से वहां आए। उन्होंने कहा कि उनके पास 45 लाख रुपए में एक कछुआ खरीदने वाली पार्टी है। कोई कछुआ हो तो बताओ अच्छी कमाई हो जाएगी। इसके बाद वे लोग नंबर लेकर चले गए।
13 मई को फोन आया कि कछुए की व्यवस्था हो गई है क्या, पार्टी तैयार है। जब कछुआ मिलने के लिए मना किया तो आरोपियों ने बताया कि कालबेलियों की ढाणी में एक कछुआ है, उसे खरीद लेते हैं। उसको पार्टी को 45 लाख में बेचकर अपना-अपना हिस्सा ले लेंगे। इसके बाद आरोपी उसके पिता को साथ लेकर कालबेलियों की ढाणी में पहुंच गए। जहां जमुना नाम की औरत ने एक कछुआ दिखाया । जिसका सौदा 8 लाख रुपए में तय किया। इसके बाद हमने 4-4 लाख रुपए की व्यवस्था कर 8 लाख में कछुआ खरीद लिया।
आरोपियों ने सांवरमल को कछुआ देकर कहा कि तुम दांतरी चलो, हम पार्टी व पैसे लेकर आ रहे हैं। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल बंद कर लिया तो ठगी का पता चला। दूदू उपाधीक्षक दीपक खंडेलवाल ने डीएसटी टीम के हैड कांस्टेबल छाजूराम व कांस्टेबल दिनेश कुमार की टीम गठित की। पता चला कि घटना में प्रयुक्त जीप जोबनेर के लक्ष्मीपुरा गांव में है। बाद में जीप के निवाई में होने की जानकारी मिली। जिस पर पुलिस ने दबिश देकर बिंजोलाव निवासी मंगल पुत्र रामदेव बावरिया, लक्ष्मीपुरा निवासी ज्ञानदीप पुत्र प्रहलाद बावरिया व गोपाल पुत्र प्रहलाद बावरिया तथा खेड़ी-खिरवा निवासी मदन बावरिया को गिरफ्तार किया।