
जयपुर. लगातार बारिश से बगरू के समीप ग्राम पंचायत अजयराजपुरा क्षेत्र के जनता सागर चिरोटा बांध लबालब हो गया है। क्षमता से अधिक जलभराव से पानी पालड़ी सेज व सांगानेर जाने वाले दोनों मार्गों पर करीब तीन फीट बह रहा है। ऐसे में यहां यातायात बंद सा हो गया है। रिसाव होने के बाद अब बांध टूटने खतरा बढ़ गया है। बांध की पाल के रिसाव को रोकने के लिए सैकड़ों मिट्टी के कट्टे रखे गए हैं। शनिवार को भी ग्रामीण ट्रालियों में मिट्टी के कट्टों को भरकर बांध की पाल पर पहुंचे। शुक्रवार को जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने पहुंचकर ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर में बैठकर हालात का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लोगों ने सांसद को बताया कि पानी खतरे के निशान पर चल रहा है। नेवटा बांध में चादर चलते ही पानी इसी बांध में आएगा जिससे बांध टूटने का खतरा बढ़ जाएगा। वहीं नेवटा बांध भी अब छलकने के कगार पर पहुंच गया है जिससे इस बांध के टूटने की आशंका भी बढ़ती जा रही है। यह बांध टूटा तो बगरू सहित आसपास के गांवों व निचले इलाकों में नुकसान की संभावना है। इससे पहले शुक्रवार सुबह नायब तहसीलदार उम्मेद सिंह शेखावत, कलवाडा सरपंच रामदयाल वर्मा व समाजसेवी लवकुश चौधरी ने बांध के हालात देखे।
अधिकारियों को लगाई लताड़
सांसद ने ग्रामीणों के साथ वार्ता कर मौके पर ही अधिकारियों को लताड़ लगाते हुए करीब पांच सौ मिट्टी के कट्टे रखने व आपदा प्रबंधन के निर्देश दिए। हालांकि शनिवार को नेवटा बांध में पानी की आवक कम होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। जबकि चिरोटा बांध की पाल पर पानी बहते हुए बगरू होते हुए हिंगोनिया बांध की ओर जा रहा है। इस दौरान ग्रामीण दिनेश सौराण, धन्नालाल सारण, लोकेश सैन, प्रधान सौराण, गोवर्धन सारण, रामरतन, प्रधान सारण, अनिल सैन, हनुमानसहाय सारण, निर्मल सारण, हनुमान भडाणा, लालाराम सिंघानिया, शिवराज व हनुमान सौराण आदि मौजूद रहे।