चौमूं.
सडक़ सुरक्षा माह के तहत शहर के पुलिस थाने के सामने थाना मोड़ चौराहा पर थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा एवं सेवाधारी नरेन्द्र सेवानी के सानिध्य में वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट बांटे गए। ताकि वाहन चलाने दौरान दुर्घटना में जान बच सके। इस मौके पर सेवाधारी सेवानी ने कहा कि वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के साथ सावधानी से वाहन चलाने चाहिए। ये हर एक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। इससे हादसों में कमी आएगी। यहां चौराहा पर आमजन व वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना एवं जागरूक करने को लेकर एक मंच के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ब्रह्माकुमारी सुनेहा दीदी एवं शिवाली दीदी, राजयोगी शिक्षिका, लाइफ कोच व अधिवक्ताओं की मौजूदगी में वाहन चालकों को हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट लगाने एवं ट्रैफिक नियमों की पालना करने को लेकर वाहन चालकों से समझाइश की गई। साथ ही दुपहिया वाहन चालक जिन्होंने हेलमेट नहीं पहने हुए थे, उन्हें हेलमेट बांटे। साथ ही थाना मोड पर संकेतक भी लगाए गए।