
-जयपुर-सीकर हाईवे पर चौमूं में हादसा
चौमूं.
चौमूं पुलिस थाना इलाके में जयपुर-सीकर हाईवे पर वीर हनुमानजी की पुलिया के समीप बुधवार सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक निजी स्कूल की बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। इससे अनियंत्रित बस पुलिया के पास सीधे जाकर एक खाई में पलटी खा गई और बस में सवार टीसीआई शिक्षण संस्थान की एक छात्रा की बस के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बस में सवार करीब 9 बच्चे घायल हो गए। अचानक हुए घटनाक्रम से बच्चों में चीख पुकार मच गई। पास में खेल स्टेडियम में भ्रमण कर रहे युवा दौडक़र पहुंचे और बस के सीसेतोडक़र बच्चों को बाहर निकाला और एंबुलेंस एवं निजी वाहनों की सहायता से बच्चों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। घटना से गुस्साए लोगों ने जयपुर-सीकर हाईवे पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। इधर, स्कूल प्रशासन के मौके पर बुलाने, आर्थिक सहायता आदि की मांग करते हुए ग्रामीणों ने शहर के उपजिला अस्पताल में करीब तीन घंटे तक विरोध प्रदर्शन एवं धरना दिया। हालांकि बाद में पुलिस प्रशासन की समझाइश एवं स्कूल प्रशासन से वार्ता के बाद ग्रामीण माने। एसीपी अशोक चौहान ने बताया कि स्कूल प्रशासन ने मृतका छात्रा के परिजनों को आर्थिक सहायता के रुप में 21 लाख का चेक दिया है।
हादसे में स्कूली बस में सवार रामपुरा निवासी 18 वर्षीय छात्रा कोमल देवंदा पुत्री शिशुपाल देवंदा की मौत हुई है। मृतका छात्रा टीसीआई शिक्षण संस्थान में 12वीं कक्षा में अध्ययनरत थी। इधर, मामले में मृतका के पिता ने चौमूं पुलिस थाने में बस चालक के खिलाफ लापरवाही से बस चलाकर हादसा घटित किए जाने का मामला दर्ज कर कराया है। बस चालक रामपुरा क्षेत्र से स्कूली बस को लेकर वीर हनुमान मार्ग स्थित टीसीआई स्कूल में ले जा रहा था। जयपुर डीसीपी वेस्ट अमित कुमार बुडानिया भी हॉस्पिटल में पहुंचकर घायल ब‘चों से घटना की जानकारी ली। इस मौके पर एसीपी अशोक चौहान, कार्यवाहक थाना प्रभारी गणेश सैनी, पूर्व विधायक रामलाल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शर्मा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनुराग शर्मा भी हॉस्पिटल पहुंचे।