No video available
जयपुर. जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर शनिवार अलसुबह छीतरोली बस स्टैंड के समीप अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा ट्रेलर तेज गति में सड़क किनारे खड़े ट्रोले से अनियंत्रित होकर टकरा गया। तेज रफ्तार में टकराने से ट्रेलर के आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया। जिससे ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। इस दौरान करीब आठ किमी. तक जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार अजमेर से जयपुर की ओर आ रहे ट्रोले का टायर पंचर होने के बाद चालक ने सड़क पर ही वाहन खड़ा कर दिया। इस दौरान राजमार्ग पर गुजर रहे ट्रेलर चालक को झपकी आने से खड़े ट्रेलर से वह टकरा गया। ट्रेलर के आगे का हिस्सा चकनाचूर होकर कबाड़ में तब्दील हो गया। जिससे राजमार्ग पर करीब 8 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। जिससे वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। लंबा जाम लगने से मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात को सुचारू करवाया। हादसे में गंभीर ट्रेलर चालक को उपचार के लिए एंबुलेंस की सहायता से सवाई मानसिंह चिकित्सालय भेजा गया।
हादसे के बाद राजमार्ग पर लगा जमघट
सड़क हादसा होने के बाद राजमार्ग पर लोगों का जमघट लग गया। राजमार्ग सड़क पर अजमेर से जयपुर जाने वाले वाहन चालकों को जाम की समस्या से परेशानी उठानी पड़ी। राजमार्ग पर छीतरोली से नासनोता तक लंबा जाम लग गया। लोगों ने बताया कि पुलिस ने राजमार्ग पर क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटा दिया गया लेकिन पंक्चर ट्रोले को नहीं हटाने से करीब 10:30 बजे तक वाहन चालक जाम की स्थिति का सामना करते रहे।