
चौमूं. रींगस के खाटूश्यामजी का लक्खी मेला 28 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च तक चलेगा। खाटूश्यामजी के लिए जाने वाले पदयात्री हर साल की तरह इस बार भी चौमूं से होकर गुजरेंगे, लेकिन शहर में बिगड़ रही यातायात व्यवस्था पदयात्रियों की परेशानी बढ़ाएगी। स्थिति यह है कि शहर में मुय बस स्टैण्ड से लेकर मुय मार्गों पर वाहन चालकों ने आपने वाहनों को खड़े करने के लिए अघोषित स्टैंड बना रखे हैं। दिनभर बेतरतीब वाहनों की वजह से जाम के हालात बन रहे हैं। हालांकि नगर परिषद प्रशासन ने पिछले सप्ताह बस स्टैण्ड और रींगस रोड सड़क सीमा से ठेले वगैरह हटाए थे। वहीं शहर में प्रमुख मार्गों पर बेतरतीब खड़े किए जाने वाले वाहनेां को हटाने एवं कार्रवाई की दरकार है।
शहर में सड़कों पर बनी अवैध पार्किंग के आगे वर्तमान में आवाम लाचार और व्यवस्था बेबस दिख रही है। स्थिति यह है कि बस स्टैण्ड से लेकर थाना मोड़ चौराहा पर औसतन 50 फीट चौड़ी सड़क अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण की वजह से वाहनों को निकलने के लिए 10 फीट की जगह भी नहीं बच रही है। सड़कों पर पार्किंग के कारण शहर की प्रमुख सड़कें जाम से जूझ रही है। बेलगाम जाम की स्थिति रहने से इमजेंसी वाहनों को भी राहत नहीं मिल पा रही है। ऐसी स्थिति में खाटूश्याजी के गुरजरने वाले पदयात्रियों को परेशानी आएगी। (कासं.)
थाना मोड़ की स्थिति ज्यादा खराब : शहर में मुय बस स्टैण्ड से लेकर थाना मोड व सुभाष सर्किल से लेकर थाना मोड़ तक कई अस्पताल, बैंक, शॉपिंग कॉप्लेक्स बने हुए हैं, लेकिन इनमें पार्किंग की जगह नहीं है। इन संस्थानों में आने वाले लोग अपने वाहनों को सडक़ों पर खड़े कर रहे हैं। थाना मोड़ चौराहा के पास तो अवैध पार्किंग की स्थिति और भी ज्यादा खराब है।
मुय मार्गों पर भी जाम के हालात
शहर के थाना मोड़ चौराहा से लेकर धोली मंडी में सुभाष सर्किल, रींगस रोड, जयपुर रोड, थाना मोड चौराहा से लेकर कृषि उपज मंडी, बस स्टैण्ड, मोरीजा तिराहा से लेकर मोरीजा रोड और बस स्टैण्ड से लेकर सामोद रोड तक अवैध पार्किंग है। लोगों का जहां मन किया। वहीं वाहन खड़ा किया जा रहा है।
जिमेदार ही नहीं ले रहे सुध
शहर में ऐसी कोई सड़क नहीं है, जहां अवैध रूप से वाहन पार्क नहीं हो रहे है, लेकिन इसके बावजूद जिमेदार इसकी सुध लेने को तैयार नहीं है। विकट समस्या से निपटने के लिए न तो प्लान है और न ही पुलिस की ओर से कोई प्रयास किए जा रहे है। विडंबना तो यह है कि जिमेदार अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बस जल्द इस ओर काम करने की कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
पदयात्रियों को भी राहत मिले
शहर निवासी राहुल बुटोलिया ने बताया कि शहर में अवैध पार्किंग से यातायात व्यवस्था बेपटरी हो रही है। ठेले हटाने के साथ ही पार्किंग की समस्या पर ध्यान देने की जरूरत है। ताकि खाटू जाने वाले पदयात्रियों को भी राहत मिल सके।
पैदल निकलना भी मुश्किल
मोबाइल दुकानदार बाबू दादरवाल ने बताया कि अवैध पार्किंग के हालात खराब है। थाना मोड़ पर तो पैदल निकलना भी मुश्किल है। बस स्टैंड पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासन को पार्किंग की व्यवस्था करना सुनिश्चित करना जाहिए।
इनका कहना है
पुलिस का सहयोग लेकर जल्द ही पार्किंग व्यवस्था सुधार लाया जाएगा। इसको लेकर पुलिस प्रशासन के साथ बैठक आहुत की
जाएगी।
—विष्णु कुमार सैनी, सभापति, नगर परिषद, चौमूं।
शहर में जाम की समस्या से निपटने को लेकर पिछले दिनों ही टैक्सी यूनियन की बैठक ली थी। इसके अलावा सडक़ों पर वाहन पार्क करने वाले वाहनों को जब्त करने का अभियान चलाया जाएगा। ताकि जाम के साथ खाटूश्याम पदयात्रियों को भी राहत मिल सके।
प्रदीप शर्मा, थाना प्रभारी चौमूं।