
आंतेला. जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर बागावास अहिरान के पास मंगलवार सुबह एक कंटेनर अनियंत्रित होकर राजमार्ग पर पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया। इस दौरान कंटेनर में किराना व परचून का सामान भरकर जयपुर की तरफ जा रहा था। दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर सड़क के बीच पलट गया। जिससे यातायात जाम हो गया। हादसे की सूचना पर भाबरू थाना प्रभारी जय प्रकाश, कांस्टेबल सतपाल मय पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचकर घायल चालक को कंटेनर के केबिन से बाहर निकाला और एम्बुलेंस मंगवाकर शाहपुरा के राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस कांस्टेबल सतपाल सिंह ने बताया कि सातोलाओ, तहसील सरवाड़ अजमेर निवासी अट्ठाइस वर्षीय चालक धनराज गुर्जर कंटेनर में किराना व परचून का सामान भरकर जयपुर की तरफ लेकर जा रहा था। इस बीच हाईवे के बागावास अहिरान चौकी के पास पहुंचने पर कंटेनर चालक अचानक संतुलन खो बैठा। इससे कंटेनर अनियंत्रित होकर राजमार्ग पर पलटी खा गया। हादसे में कंटेनर चालक धनराज घायल हो गया। हादसे को देख राजमार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों ने घटना की पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर भाबरू थाना इंचार्ज जय प्रकाश मय पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचे और कंटेनर के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे घायल चालक को मशक्कत से बाहर निकालकर उपचार के लिए शाहपुरा के राजकीय उप जिला अस्पताल में भिजवाया तथा पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया।