बालोद. जिले के बिहान समूह की महिलाओं ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय से 5 किमी पैदल यात्रा निकालकर कलेक्टरेट पहुंचकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। कलेक्टरेट के सामने बैठकर अपनी मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। 41 डिग्री तापमान में पसीने से लथपथ हाथों में तख्ती लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी किया।
27 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
बिहान समूह की महिलाएं विगत 27 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। समूह अध्यक्ष डॉली साहू, सचिव हेमा साहू, ने कहा कि पांच वर्षों से महत्वपूर्ण योजना का सफलतापूर्वक संचालन करने के बाद भी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बिहान समूह से जुड़ी महिलाओं के मानदेय में वृद्धि, उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान करने, प्रतिमाह मानदेय देने, नियमितीकरण एवं निवास से कार्य स्थल आने जाने यात्रा भत्ता प्रदान करने की मांग वे कर रही हैं।
पंचायत, ग्रामीण स्तर पर शासन की योजनाओं को दे रहे अंजाम
उन्होंने बताया कि जनपद से ग्राम पंचायत, ग्रामीण स्तर पर शासन की विभिन्न योजनाओं को अंजाम दे रहे हैं। स्वयं सहायता समूह गठित कर आजीविका गतिविधियां, कृषि, गौठान, चारागाह, बाड़ी विकास, मनरेगा अभिशरण, बीमा सहित अन्य कार्य भी करते हंै। इसके बाद भी शासन उन्हें नाममात्र का मानदेय दे रहा है। समूह से जुड़ी पीआरपी का वेतन 22 हजार रुपए, एफएलसीआरपी 15 हजार रुपए, आरबी के 8 हजार रुपए, बैंक मित्र 8 हजार रुपए, सीआरपीईपी 8 हजार रुपए, सीआरपी 5 हजार रुपए, पशु सखी 5 हजार एवं कृषि सखी से जुड़ी महिलाओं को वेतन मानदेय दिया जाए। इस दौरान सुनीता खंटे, देहुती सोनकर, तोमेश्वरी सिन्हा, विनिता पांडे, सीमा यादव, उषा कोमटे, ओमलता देशमुख, कांति, नीलू, इंदरबती, नीतू साहू, सर्वेश्वरी सहित बड़ी संख्या में बिहान समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।