
– बस्सी को मिला पहला सेक्स सार्टेड सीमन लैब
बस्सी @ पत्रिका. देश का पहला सैक्स शॉर्टेड सीमन मंगलवार को बस्सी सीमन बैंक को मिला। सैक्स शॉर्टेड सीमन से गर्भाधारण कराई गई गाय से 90 फीसदी बछिया ही पैदा होने की सम्भावना रहेगी। यह बात बस्सी मुख्यालय पर मंगलवार को बहु उद्देशीय पशुचिकित्सालय में सैक्स शॉर्टेड सीमन लैब एवं मंगला पशु बीमा योजना की लॉटरी कार्यक्रम के वक्त प्रदेश के गोपालन एवं पशुपालन विभाग के मंत्री जोराराम कुमावत ने कही। मंत्री ने कहा राजस्थान कि किसानों एवं पशुपालकों का प्रदेश है। यानि जो किसान है, वह पशुपालक भी है और जो पशुपालक है वह किसान भी है। ऐसे में इस सैक्स शॉर्टेड सीमन से न केवल किसान व पशुपालकों की आर्थिक दशा सुधरेगी बल्कि इससे प्रदेश की आर्थिक रीढ़ भी मजबूत होगी। वर्तमान में प्रदेश में गौशालाओं में सालाना 1200 करोड़ रुपए का चारा- पानी खर्च हो रहा है, लेकिन सैक्स शॉर्टेड सीमन से गायों से नंदी पैदा होने की कमी आएगी और गौशालाओं में भी पैसा कम खर्च होगा, जिस पैसे को सरकार अन्य मद में लगाएगी। इस दौरान मंत्री व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राष्ट्रीय डैयरी विकास बोर्ड डॉ. मीनेश शाह ने मंगला पशु बीमा योजना की लॉटरी भी निकाली गई।
इस अवसर पर आरसीडीएफ चेयरमैन श्रुति भारद्वाज, बस्सी उपखण्ड अधिकारी ओम प्रकाश मीना, भाजपा मण्डल अध्यक्ष जगदीश बढि़या, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल खारडि़या आदि मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि भाजपा सरकार की वित्त मंत्री दिया कुमारी ने फरवरी में बजट भाषण में बस्सी में सीमन शॉर्टेड सीमन लैब खोलने की घोषणा की थी।
पांच साल से तैयार किया जा रहा था सैक्स शॉर्टेड सीमन
इधर अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राष्ट्रीय डैयरी विकास बोर्ड डॉ. मीनेश शाह ने कहा कि विभाग सैक्स शॉर्टेड सीमन तैयार करने में पांच साल से प्रयास कर रहा है,जिसकी अब सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि बस्सी सीमन बैंक को भी सैक्स शॉर्टेड सीमन तैयार करनी की मशीन दी जाएगी, जिससे यहीं पर यह सीमन तैयार किया जाएगा।
70 रुपए में मिलेगा पशुपालक को सैक्स शॉर्टेड सीमन
पशुपालन विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने बताया कि सैक्स शॉर्टेड सीमन की कीमत करीब साढ़े 7 सौ रुपए है, लेकिन अब यह सीमन 265 रुपए का पडे़ेगा, जिसमें भी सरकार अनुदान देगी और पशुपालक को अपनी गाय को गर्भधारण कराने में करीब 70 रुपए देने होंगे।
सड़कदुघर्टनाओं में आएगी कमी…
समारोह में पशुपालन विभाग के शासन सचिव डॉ. समीत शर्मा ने बताया कि सैक्स शॉर्टेड सीमन से गायों में 90 फीसदी बछिया पैदा होगी। इससे नदीं की धीरे- धीरे कमी आएगी। वर्तमान में पशुपालक की जिस गाय से नदीं पैदा होता है , उसको पशुपालक एक साल बाद आवारा छोड़ देता है, इससे ये नदीं या तो शहरों या गांवों में पॉलिथीन खाकर बीमार हो जाते हैं या फिर सड़कों पर घूमते हैं। सड़कों पर आवारा गोवंश से आए दिन सड़कदुघर्टनाएं होती है, जिससे कई लोगों की जान चली जाती है।
भैंस, बकरी व भेड़ का भी हो तैयार यह सीमन…
भाजपा नेता एवं विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे चन्द्र मोहन मीना ने मंत्री पशुपालन व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राष्ट्रीय डैयरी विकास बोर्ड डॉ. मीनेश शाह से मांग की है कि अभी यह सीमन केवल गाय के लिए बनाया है, लेकिन प्रदेश में पशुपालक भैंस, बकरी व भेड़ के लिए भी तैयार हो तभी पशुपालकों को असली फायदा होगा। (कासं )