बस्सी @ पत्रिका. जयपुर ग्रामीण इलाके के बस्सी, चाकसू व जमवारामगढ़ उपखण्ड इलाकों में गुरुवार रात से ही मौसम का मिजाज बदलने से आकाश में बादल छाने, बिजली चमने के साथ ही अंधड़ के साथ बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया था, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। बस्सी इलाके में अंधड़ के कारण कई जगह बिजली की लाइनों के तार टूट गए, कई जगह खम्भे व ट्रांसफॉर्मर गिर गए, इससे बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। इधर तेजहवा व बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट आने से शुक्रवार को गर्मी में राहत मिल गई। हालांकि बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट आने से गर्मी में राहत मिली। इधर अंधड़ चलने व बूंदाबांदी से कई जगह शादियों में टैंट उड़ गए तो पाण्डाल भी उखड़ गए, इससे शादीवाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
टिन टप्पर उड़े, पेड़ उखड़े…
बस्सी उपखण्ड इलाके में गुरुवार रात व शुक्रवार सुबह आए तेज अंधड से कई जगह टिन टप्पर उड़ गए तो कई जगह पेड़ ही उखड़ गए। टिन टप्पर उड़ने से लोगों का काफी नुकसान हो गया। वहीं पेड़ गिरने से कई जगह रास्ते भी अवरूद्ध हो गए। खासकर कर आम के पेड़ों में अंधड़ से कैरियांझड़ने से उनके मालिकों को काफी नुकसान हो गया।
ट्रांसफॉर्मर गिरने से बिजली सप्लाई बाधित…
अंधड से बस्सी चक के समीप भोन्यावाला की पीपल्या ढाणी में अंधड़ से ट्रांसफॉर्मर गिर गए और बिजली की 11 केवी लाइन पर पेड़ की शाखा गिर गई। इससे पूरे गांव की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। बस्सी शहर की आरओबी पर भी अंधड़ से रोड लाइट का खम्भा टूट कर तिरछा हो गया। इसके अलावा भी कई गांवों में अंधड़ के कारण बिजली की लाइनें टूट गई और खम्भे गिर गए। वहीं बस्सी शहर में भी अंधड़ के चलते कई घंटों तक बिजली सप्लाई बाधित रहने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तापमान में चार डिग्री गिरावट, गर्मी में राहत…
मौसम का मिजाज बदलने के बाद अंधड़ व बूंदाबांदी होने से तापमान में भी गिरावट आई है, इससे लोगों को गर्मी में राहत मिली। बस्सी शहर में गत दिवस अधिकतम तापमान 41 डिग्री पर पहुंच गया था, तो न्यूनत तापमान 29 डिग्री था। लेकिन अंधड़ व बूंदाबांदी के बाद अधिकतम तापमान 37 डिग्री पर आ गया। वहीं अन्य दिनों जहां गर्म हवा चलती थी, हवा में शीतल चल रही थी। रात को लोगों पंखे तो चलाने पड़े, लेकिन कूलर बंद करने पड़े। (कासं )
इनका कहना है….
अंधड़ से हो गई थी बिजली सप्लाई बाधित…
अंधड़ से कई जगह खम्भे व ट्रांसफॉर्मर गिर गए। बस्सी शहर में भी बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। विद्युत निगम की टीमों को लगा कर बिजली सप्लाई सुचारू कर दी है। – आरडी सैनी, सहायक अभियंता, विद्युत निगम बस्सी।