ई-श्रम योजना में पात्र व्यक्तियों को दिलाएं अधिकाधिक लाभ-video
बूंदी. पेयजल, विद्युत आपूर्ति, मौसमी बीमारियों संबंधी साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विभागों में भू आवंटन संबंधी प्रकरण लंबित है, उनके संबंध में विभागीय अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग से समन्वय स्थापित कर निस्तारण सुनिश्चित करें।
साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा विभाग, भूमि आवंटन संबंधी प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित करें। उन्होंने सीएडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की फसलों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध हो, सिंचाई का कार्य किसी भी तरह प्रभावित न हो। इसकी बेहतर मॉनिटरिंग करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा किसानों से भी समय पर वार्ता करें।
प्रधानमंत्री श्रम योगी योजना का पात्र लोगों को लाभ दिलवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मनरेगा, राजीविका, पशुपालन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग में कार्य करने वाले श्रमिकों का ई श्रमिक पंजीकरण करवाया जावे। उन्होंने ई-श्रमिक पंजीयन में अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए। पंजीकरण के लिए जिला परिषद के सहयोग से ग्राम पंचायतों में भी शिविर आयोजन के लिए कार्य योजना बनाएं।
साथ ही पालनहार योजना के लाभ से कोई भी पात्र वंचित नहीं रहे, इसकी बेहतर मॉनिटरिंग की जावे। जिला कलक्टर ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के लक्ष्यों की शत प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कृषि विभाग व पशुपालन की योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
साथ ही पीएम आदर्श ग्राम योजना में प्रगति बढ़ाई जाने के लिए कहा है। इस दौरान बैठक में कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरीशचन्द मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर नवरत्न कोली, सीएमएचओ डॉ.ओ.पी.सामर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महावीर शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।