नैनवां शहर अंधेरे में डूबा, नलकूपों से पानी मिलना भी बंद-video
नैनवां. नगरपालिका द्वारा विद्युत बिलों की बकाया राशि जमा नहीं कराने पर जेवीवीएनएल ने गुरुवार को शहर की स्ट्रीट लाइटों व पेयजल के लिए लगे नलकूपों के 35 विद्युत कनेक्शन काट दिए।
शहर में नगरपालिका के स्ट्रीट लाइटों व नलकूपों 68 कनेक्शनों पर 3 करोड़ 60 लाख रुपए की राशि बकाया चल रही है। शेष बकाया वाले कनेक्शनों को भी शुक्रवार को काटा जाएगा। स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काट दिए जाने से रात को शहर की गलियां, चौराहे व बाजार अंधेरे में डूबे रहे तो नलकूपों के कनेक्शन काटने से नलकूप बन्द हो गए।
जेवीवीएनएल के सहायक अभियंता नईम बाबू ने बताया कि नगरपालिका के स्ट्रीट लाइटों के 23 कनेक्शनों पर एक करोड़ 40 लाख व नलकूपों के 45 कनेक्शनों पर 2 करोड़ 20 लाख रुपए की राशि बकाया चल रही है। राशि जमा कराने के लिए नगरपालिका को बार-बार लिखा जा रहा है। राशि जमा कराने के लिए अंतिम नोटिस दिए जाने के बाद भी राशि जमा नहीं कराने पर गुरुवार से कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की है।
कनेक्शन काटने के लिए तीन- तीन कर्मचारियों की दो टीमें गठित की थी। दोनों टीमों ने पहले दिन 35 कनेक्शन काटे है। रोड लाइट के बस स्टैंड, चुंगी नाका, उनियारा रोड, बायपास व परकोटे के अंदर के स्ट्रीट लाइटों के 17 कनेक्शनों को काटा गया है। शेष 6 कनेक्शनों को शुक्रवार को काटा जाएगा। नलकूपों के 45 कनेक्शनों में से गुरुवार को 18 कनेक्शन काटे है। शेष कनेक्शन शुक्रवार को काटे जाएंगे।