
बूंदी. जिले भर में शनिवार को गणेश चतुर्थी पर धूमधाम से जयकारों के बीच मंदिर, गली-मोहल्ले और घरों में गणपति की स्थापना की गई। अब दस दिन तक बप्पा की धूम रहेगी।
शनिवार को मुर्हुत को देखकर लोग गणपति लेने पहुंचे। सुबह से हो रही बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर पाई। गणेश जी के मोदक का भोग लगाया गया। मंदिरों में श्रृंगार के साथ आकर्षक फूल-माला और विद्युत सजावट की गई। बूंदी के जवाहर नगर में श्रद्धालु बारिश के बीच नाचते गाते हुए भगवान गणेश को लेकर आए और उत्साह के साथ भगवान गणेश को विराजमान किया। इस दौरान गणपति के जयकारे लगते रहे। लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। वहीं बाजारों में सुबह से ही लोगों की भीड़ रही। बारिश के बीच लोगों ने भगवान गणेश के लिए मोदक, पूजा अर्चना की सामग्री, फूल माला आदि की खरीद की।
गणेश महोत्सव समिति की ओर से शहर में निकलेगी शोभायात्रा
शहर में गणेश महोत्सव समिति की ओर से शनिवार शाम छह बजे गजानन की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाोभायात्रा में आकर्षक झांकियां भी शामिल होगी। मंशापूर्ण गणेश मंदिर से शोभायात्रा शुरू होगी, जो रामप्रकाश टॉकिज से प्रारंभ होकर सूरज जी बड़, नाहर का चौहट्टा, सदर बाजार, चौमुखा, चौगान दरवाजा, इंद्रा मार्केट होते हुए भूरा गणेश मंदिर पहुंचेगी। यहां समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता होंगे। समिति के अध्यक्ष महावीर मोदी ने बताया कि शोभायात्रा में आगरा की इलेक्ट्रॉनिक झांकियां, मथुरा वृंदावन की सजीव झांकिया, कोटा.बूंदी का शाही लवाजमा होगा। इसमें आग के शोले सहित चरी नृत्य करती महिलाएं घोड़े, ऊंट, बैंड बाजा, शिव बारात सहित कई आकर्षक झांकिया भी शामिल होगी। महाकाल उज्जैन से आने वाले अघोरी भगवान शिव के स्वरुप में तांडव नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
इस्कान मंदिर वृदावंन की झांकी भी आकर्षण का केंद्र होगी। शोभायात्रा में 21 तोपों की सलामी भी दी जाएगी। शोभायात्रा को लेकर समिति बनाकर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। भूरा गणेश मंदिर पर शोभायात्रा के पहुंचने पर गजराज [हाथी] भी गणपति की आरती करेंगे। बस स्टैण्ड स्थित वैष्णो देवी मंदिर में भी गणेश प्रतिमा स्थापित होगी।