
बूंदी. शहर में तेजादशमी मनाई गई। इस दौरान देवपुरा क्षेत्र स्थित तेजाजी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आना शुरु हो गए। लोगों ने कतार में लगकर दर्शन किए। मंदिर परिसर में तेजाजी के गीतों का गायन किया गया, जिसमें लोगों ने नृत्य करते रहे। मेले का आयोजन भी हुआ, जिसमें लोगों ने खरीदारी भी की।
लंकागेट रोड वैधनाथ पाड़ा स्थित तेजाजी महाराज के थानक पर अलगोजे की धुन पर भक्तों ने तेजाजी गायन किया। श्रद्धालु यहां सुबह से ही आने जाने का सिलसिला शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। लोगों ने तेजाजी के लडडू बाटी का भोग लगाया एवं दर्शन कर आशीर्वाद लिया। बालचंद पाड़ा व नैनवां रोड स्थित तेजाजी मंदिर पर भी लोगों के भीड़ लगी रही।
केशवरायपाटन. शहर के मात्रा उद्यान परिसर में तेजाजी के थानक पर एक दिवसीय मेला आयोजित किया गया। यहां सुबह से ही श्रद्धालु पूजा अर्चना कर दर्शन करने पहुंचे। दर्शन के बाद भोग लगाया। इससे पहले गुरुवार रात को घोड़ी जुलूस निकाला गया। क्षेत्र के मायजा गांव के तेजाजी महाराज मंदिर पर एक दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
इंदरगढ़. कस्बे में तेजा दशमी पर तेजा गायन व अलगोजा के स्वर लहरियों के साथ कस्बे में तेजाजी की सवारी निकाली। तेजाजी की झड़ी निशान के साथ अलगोजा पर नाचते हुए चल रहे थे। तेजाजी थानक पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का दर्शन के लिए आना जाना लगा रहा जो शाम तक चला। तेजा दशमी के अवसर पर नगर पालिका के तत्वावधान में रात्रि को भजन संध्या व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
आकोदा. क्षेत्र में तेजाजी के थानक पर तेजाजी गायन के साथ झण्डी निकाली। झण्डी को गांव में घुमाकर तेजाजी के थानक पर लाकर विधि विधान के साथ पुजा अर्चना की।ठिकरदा गाव में तीन दिवसीय मेले की शुरुआत हुई। डाबेटा में दो दिवसीय मेले की शुरुआत हुई।
बरुन्धन. कस्बे में शुक्रवार को वीर तेजाजी के मेले में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं ने मंदिर में ढोक लगाई। मेले में लगी दुकानों से महिलाओं व बच्चो ने जमकर खरीदारी की।
नमाना. कस्बे में शुक्रवार को तेजा दशमी का मेला लगाया गया, जिसका उद्घाटन नमाना थाना अधिकारी धर्माराम ने किया। इस दौरान लोक भजन कीर्तन करते रहे। वहीं सिलोर स्थित बरड़े पर
तेजाजी का मेला आयोजित किया गया, जिसमें पांच गांव के लोगों ने भाग लिया।
गोठड़ा. ग्राम गोठड़ा में तेजाजी के थानक पर तेजा दशमी के अवसर पर एक दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। रात्रि में अलगोजा वादन व तेजाजी गायन के साथ तेजाजी की झंडियों का प्रदर्शन किया गया। ग्राम मेण्डी, धोवड़ा, रोणिजा, छाबडिय़ों का नया गांव आदि में तेजाजी थानकों पर विशेष सजावट की गई।
बड़ाखेड़ा. लोकदेवता तेजाजी की दशमी ग्रामीण अंचल के गांवों में धूमधाम से मनाई गई।अलगोजा वाघ यंत्र पर दिन भर तेजाजी गायन लोक गीतों की गूंज सुनाई दी। ।
लाखेरी. शहर के गांधीपुरा व बंधेश्वर महादेव स्थित तेजाजी के थानक पर तीन दिवसीय मेले का आगाज हुआ। गुरुवार को तेजादशमी की पूर्व संध्या पर गांधीपुर स्थित तेजाजी की सवारी शहर की हर मोहल्ले तथा गलियों में भ्रमण पर निकली। इसी के साथ लोकदेवता तेजाजी के थानक पर तीन दिवसीय मेले की शुरूआत हुई।वहीं लोकदेवता को दूध चढ़ाने को लेकर सुबह से ही दोनों थानकों पर महिला पुरुषों, युवक युवतियों की कतार लगी रही।