चूरू.
वन विभाग के अधिकारियों की ढिलाई के कारण शहर में शर्मा व पूनिया कॉलोनी के पास स्थित वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण का खेल बदस्तूर जारी है। विभाग की अनदेखी के कारण यहां पक्के निर्माण तक हो गए हैं। लोगों की शिकायत पर सोमवार को वन विभाग की टीम कार्रवाई करने पहुंची लेकिन आधा-अधूरा अतिक्रमण हटाकर टीम वापस आ गई।
जानकारी के मुताकिब दो-तीन दिन पहले ही किसी व्यक्ति ने वन विभाग की करीब पांच बीघा जमीन पर तारबंदी व पटिट्यां लगाकर अतिक्रमण कर लिया था। इसके बाद किसी ने अतिक्रमण की शिकायत की तो वन विभाग की नींद खुली। सहायक वन संरक्षक राकेश दुलार ने बताया कि वनक्षेत्र के पार्ट सी नंबर चार में करीब पांच बीघा जमीन पर तारबंदी कर अतिक्रमण किया गया था जिसे हटाने के लिए रेंजर घनश्याम सिंह के नेतृत्व में टीम भेजी गई थी। टीम ने अतिक्रमण के काम में ली गई पट्टियों को तोड़ दिया गया तथा लोहे के एंगल व तार को जब्त कर लिया है। forest news
नहीं तोड़ा पक्का अतिक्रमण
बताया जा रहा है इसके पास कुछ पक्का निर्माणकर अतिक्रमण किया गया है। लेकिन टीम ने उस पर कार्रवाई नहीं की। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट (कलक्टर) को पत्र लिखा गया है। उनका आदेश मिलते ही अतिक्रमण हटवा दिया जाएगा। यह भी बात सामने आ रही है कि कुछ अतिक्रमणों को लेकर सर्वे भी कराया जा रहा है। वन विभाग की टीम में वनपाल नरेन्द्रसिंह, गोपी शर्मा, ज्वाला राम, इन्द्राज सिंह, शांति प्रकाश शर्मा, राजेन्द्रसिंह, देवेन्द्रसिंह, मुकेश कुमार, कृष्ण सहू, गजेन्द्रसिंह, मुस्ताक खां, मुबारक खां, लालचंद व केशरदेव सहित करीब २५ कार्मिक शामिल थे।
अन्य अतिक्रमणों को भी हटाएंगे
forest department की जमीन पर जहां भी अतिक्रमण का मामला है सभी को चिन्हित कराया जा रहा है। पूनिया कॉलोनी के पास कुछ अतिक्रमण स्पष्ट नहीं हैं जिनका सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई अवश्य करेंगे।
बनवारी लाल शर्मा, उपवन संरक्षक, चूरू