दौसा. विधानसभा सीट दौसा पर उपचुनाव की तारीख अभी तय नहीं हुई, लेकिन भाजपा ने कमर कस ली है। लगातार दो बार से हार का सामना कर रही भाजपा इस बार कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती। ऐसे में गुरुवार को भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहनदास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सह प्रभारी विजया रहाटकर व उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने दौसा आकर संगठनात्मक बैठक ली। सात घंटे तक मंथन किया गया। प्रदेश प्रभारी ने चुनिंदा प्रबुद्धजनों से बंद कमरे में वन-टू-वन संवाद किया और सीट को लेकर समीकरण जाने। अधिकतर लोगों से प्रत्याशी कैसा हो, किस तरह से जीत सकते हैं… आदि सवाल पूछे गए। दौसा विधानसभा क्षेत्र से प्रभावित व्यक्ति वार्ता में सामाजिक, धार्मिक, सरकारी सेवा से सेवानिवृत, विचार परिवार व पार्टी के प्रमुख नेता शामिल रहे।