दौसा. प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा का इस्तीफा प्रकरण एक गुत्थी की तरह उलझा हुआ है, जो सुलझने का नाम नहीं ले रही। एक और तो पार्टी के बड़े नेता किरोड़ी के मंत्री होने का दावा करते हैं, वहीं दूसरी ओर खुद किरोड़ीलाल अपने मंत्री पद को लेकर आए दिन अलग-अलग बयान देकर उलझन खड़ी कर देते हैं।
शनिवार को दौसा में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में मंच पर डॉ. किरोड़ीलाल के साथ गृह राज्यमंत्री जवाहरसिंह बेढ़म साथ थे। इस दौरान समारोह के संबोधित करते हुए किरोड़ी ने कहा कि ‘ भजनलाल सरकार में मेरा तो कोई पता ही नहीं है कि मैं मंत्री हूं या नहीं… मैंने तो इस्तीफा दे दिया तो कुछ तय नहीं हो पा रहा’। इसके बाद गृह राज्यमंत्री जवाहरसिंह बेढ़म समारोह को संबोधित करने आए तो उन्होंने कहा कि किरोड़ीलाल मीणा मंत्री थे, मंत्री हैं और मंत्री रहेंगे।
समारोह के बाद जब पत्रकारों ने इस्तीफा मामले को लेकर किरोड़ीलाल से सवाल किया तो उन्होंने करीब एक मिनट तक अपने मुंह पर अंगुली रख ली और कुछ नहीं बोले। इसके बाद बोले कि ‘मैं संतरी हूं, शुरू से कार्यकर्ता रहा हूं, पार्टी से बड़ा कोई मंत्री व संतरी नहीं होता है’।