दौसा. एक महिला के बैंक खाते से 38.80 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। हालांकि अभी नकदी बरामद नहीं हुई है। इसके लिए पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके साथियों की तलाश में जुटी है।गत 12 दिसम्बर को खुरीकलां निवासी हरिसिंह गुर्जर ने साइबर क्राइम पुलिस थाने में पत्नी के बैंक ऋण खाते से 38.80 लाख रुपए की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तकनीकी आधार पर विश्लेषण कर पश्चिम बंगाल के आसनसोल, निमटपुर जिला पश्चिम वर्धमान से आरोपी ईशान ठाकुर, पारिजात घोष व श्यामल रूईदास को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग ओडी (लोन) बैंक खाता को हैक कर वारदात को अंजाम देते हैं। गिरफ्तार आरोपी साइबर ठगी की राशि को 25-30 प्रतिशत कमीशन पर स्वयं के बैंक खातों में प्राप्त कर रुपयों को एटीएम के माध्यम से निकाल लेते हैं।