9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Dausa News: बच्चों के साथ झोपड़ी में सो रहा था पिता, अचानक चीखी खेत से लौटी पत्नी… आंख खुली तो सामने था खौफनाक नजारा

Dausa Fire Case: राजस्थान के दौसा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति पर सो रहे परिवार को जिंदा जलाने की साजिश के तहत आग लगाने का आरोप लगा है।

less than 1 minute read
Google source verification

दौसा

image

Anil Prajapat

Mar 09, 2026

dausa fire

निकटपुरी गांव में छप्परपोश घर में लगी भीषण आग। फोटो: पत्रिका

दौसा। मानपुर थाना क्षेत्र के निकटपुरी गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति पर सो रहे परिवार को जिंदा जलाने की साजिश के तहत आग लगाने का आरोप लगा है। आग की भीषण घटना में झोपड़ी, टेंपो और घरेलू सामान सहित लाखों रुपए का नुकसान हो गया, हालांकि परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।

पीड़ित गजेंद्र ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपने बच्चों के साथ घर के अंदर सो रहा था। इसी दौरान खेत से गेहूं काटकर लौट रही उसकी पत्नी ने आग देखकर शोर मचाया, जिससे उसकी नींद खुली। गजेंद्र ने तुरंत बच्चों को लेकर किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और सब कुछ जलकर राख हो गया।

भैंस जली, टेंपो भी आग की भेंट चढ़ गया

आग की लपटों में एक भैंस भी जल गई, जबकि घर में रखा राशन, चारा, गेहूं, ज्वैलरी, रजाई-गद्दे, बच्चों की साइकिल और मोबाइल फोन भी नष्ट हो गए। इतना ही नहीं, गजेंद्र का रोज़गार का सहारा बना टेंपो भी आग की भेंट चढ़ गया।

गांव में मच गई अफरा-तफरी

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

सोते परिवार को जिंदा जलाने की साजिश

थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित ने सोते परिवार को जिंदा जलाने की साजिश का आरोप लगाते हुए गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।