महुवा. महुवा हिण्डौन राजमार्ग स्थित मोटा देवी कॉलेज के समीप हुई युवक की मौत के मामले में नया मोड़ तब आया, जब जांच के दौरान युवक की बॉडी में कोई भी कारतूस व छर्रा नहीं पाया गया। इसके बाद बुधवार रात परिजन मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने को तैयार हुए, तब जाकर धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ और पुलिस ने राहत की सांस ली। अप पुलिस ने घटना की जांच नए सिरे से शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि अमरपुर निवासी संजय गुर्जर को गंभीर अवस्था में सामुदायिक अस्पताल लाया गया था। जहां जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।युवक के दाएं कंधे तथा दोनों पैरों पर निशान बने हुए थे। जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि शायद उसकी मौत गोली लगने से हुई है। वहीं घटनास्थल के पास से एक 12 बोर नंबर वन का जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया था। जिससे सभी लोग भ्रमित होकर युवक की मौत गोली लगने से मान रहे थे।
इस दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई और दिनदहाड़े युवक को गोली मारे जाने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे और युवक के बॉडी लेने से इनकार कर दिया। घटना को लेकर राज्यसभा सांसद भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ आकर थाने पर बैठ गए थे और कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान रात्रि को युवक की बॉडी का एक्स-रे करवाया गया तो एक्स-रे के दौरान ना ही बॉडी के अंदर कोई गोली पाई गई तथा गोली के बॉडी से बाहर निकलने का भी कोई घाव नहीं था। जिस पर परिजन मेडिकल बोर्ड की टीम से पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमत हो गए। जिस पर गुरुवार सुबह तीन डॉक्टरों की टीम गठित कर मेडिकल बोर्ड से संजय का पोस्टमार्टम करवाया गया और शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मौके पर मिले कारतूस की जांच की जा रही है। वहीं जीप मालिक तथा ड्राइवर और जीप में बैठी सवारियों तथा आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर अभी परिजनों ने कोई मामला दर्ज नहीं करवाया है।