4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गोरखपुर

सीएम योगी की मौजूदगी में सपा, बसपा और कांग्रेस के नेताओं ने थामा बीजेपी का दामन

त्रिपुरा परिणाम से डर विरोधियों ने किया गठबंधन : योगी आदित्यनाथ  

Google source verification

गोरखपुर. टाउनहाल स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति ने नीचे एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव, गरीब और सबके साथ मिलकर विकास को गति देने का शंखनाद किया। विरोधी दलों पर भी जमकर प्रहार किया। भाजपा सरकारों की उपलब्धियाँ गिनाईं और उपेन्द्रदत्त शुक्ल के पक्ष में मतदान की अपील की।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर से पांच बार सांसद बनने वाली जनता ने कभी यह नहीं पूछा कि विकास कार्यों का क्या हाल है? वर्षों से गोरखपुर के विकास को गति देने का सपना अब साकार होने लगा है। बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए एम्स की स्थापना की गई। प्राणी उद्यान को पूरा करने का कार्य गति पर है। पर्यटन के लिए भी कार्य हो रहा है। रामगढ़ताल परियोजना अब मूर्त रूप ले रही है। पूर्वी यूपी की बन्द चीनी मिलों को शुरू कर किसानों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास जारी है।

भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार उपेन्द्रदत्त शुक्ल में पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब युवा यूपी से पलायन नहीं करेगा। व्यापारी डर में रहते हुए व्यापार नहीं करेंगे। महिलाएं सुरक्षित रहेंगी। इसके पूर्व सपा और बसपा सरकारों ने गुंडागर्दी को प्रश्रय दिया। व्यापारी, युवा पलायन करने को मजबूर थे, लेकिन अब उद्योगपति और उद्यमी यहां आने को लालायित हैं। पहले की सरकारों में सौदेबाजी आती थी। अब सब कुछ पारदर्शी है।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा का परिणाम देख डरे विरोधियों ने गठबंधन किया है। यह सत्ता से हटाने के बाद का भय है। बेमेल गठबंधन करने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव के बिजली सप्लाई दे रहे हैं। पहले पैसा आने के बाद जल्दी ही खत्म हो जाते थे, लेकिन अब काम हो रहा है। सड़कें गड्ढा मुक्त हो गया है। जहां बचा है, वहां कार्य गति पर है।

उन्होंने कहा कि उद्यमियों से हुए समझौते के धरातल पर उतरते ही प्रदेश सरकार 33 लाख युवाओं को रोजगार देगी। इनके अलावा सरकारी रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई चल रही है। प्राथमिक विद्यालय में 10 हजार शिक्षकों की भर्ती के अलावा माध्यमिक और उच्च शिक्षा में भी भर्तियां होंगी।

सपा-बसपा के एक होने पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसरवादी गठबंधन है। इसलिए महानगर के मतदाता मतदान के लिए निकालें और अपने मत का प्रयोग करें। अगर ऐसा हुआ तो भाजपा का उम्मीदवार ढाई लाख वोटों से विजयी होगा।

जनसभा को केंद्रीय वित्तराज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ल, सांसद जगदम्बिका पाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सैंथवार, महापौर सीताराम जायसवाल, राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद, प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह, विधायक संगीता यादव, डॉ. राधमोहनदास अग्रवाल, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता, रामेश्वर चौरसिया आदि ने भी संबोधित किया।

ली भाजपा की सदस्यता
कई दलों के नेताओं के अलावा समाजसेवियों ने भाजपा की सदस्यता ली। सदस्यता लेने वालों में कांग्रेस नेता राजनारायण पासी, सपा नेता राकेश पासवान और बसपा नेता सुरेमन शामिल हैं। इनके अलावा समाजसेवी चित्रा देवी पासवान ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

by- धीरेंद्र गोपाल