हमीरपुर. बुधवार सुबह हमीरपुर जनपद के मौदहा थाना क्षेत्र के इंगोहटा मार्ग पर एसटीएफ व मौदहा पुलिस की कुख्यात अपराधी विकास दुबे के साथी अमर दुबे से मुठभेड़ हो गयी। इस मुठभेड़ में पुलिस ने अमर दुबे को मार गिराया। एनकाउंटर के दौरान मौदहा इंस्पेक्टर मनोज शुक्ला गोली लगने से घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बीते 2 जुलाई को कानपुर में चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में दबिश देने गए पुलिसकर्मियों व कुख्यात अपराधी विकास दुबे के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें एक डीएसपी सहित आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। वही गैंगस्टर विकास दुबे साथियों सहित मौके से भाग निकला था। इस कांड में विकास दुबे का राइट हैंड अमर दुबे भी शामिल था। पुलिस को सूचना मिली कि अमर दुबे मौदहा थाना क्षेत्र में पनाह लिए है। वह मध्यप्रदेश भागने की फिराक में था। बुधवार सुबह एसटीएफ व मौदहा पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर इंगोहटा मार्ग पर अमर दुबे को मार गिराया। इस कार्रवाई में मौदहा कोतवाल मनोज शुक्ला भी घायल हुए हैं। अपराधी अमर दुबे पर 25 हजार का इनाम बताया जा रहा है।