जबलपुर. चैत्र नवरात्र पर देवी मंदिरों, नर्मदा तटों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। शहर के देवी मंदिरों में विशेष पूजन अनुष्ठान के साथ माता के विशेष शृंगार किए गए। भोर की बेला में ही देवी को जल अर्पित करने शक्तिपीठों में भक्तों की कतार लगी। नवरात्र में भक्तों का उल्लास और उत्साह बढ़ता जा रहा है। शहर के सजे धजे देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मां की विदाई से पहले विशेष पूजन अर्चन का दौर चल पड़ा है। खेरमाई मंदिर सहित समस्त देवी दरबारों में माता को जल अर्पित करने माताओं बहनों की लंबी कतार लगी रही। रात को महाआरती का दौर चला। सुहागिनें माता को चूड़ी, बिंदी, नथनी, पाजेब, बिंदिया, कंगन, हार, लहंगा पहना कर लाल चुनरी आदि भेंट कर सदा सुहागन होने का आशीर्वाद मांग रही हैं। वहीं पुरुष परिवार के सुखी रहने की मनोकामना कर रहे हैं।