जयपुर. ठिकाना मंदिर श्री गोविंददेवजी में मनाए जा रहे कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के कार्यक्रमों की शृंखला में गुरुवार को सुबह महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में निंबार्क मंडल परिषद की ओर से भजन संकीर्तन कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर भगवान कृष्ण और राधा रानी के स्वरूपों ने ठाकुर जी के समक्ष नृत्य कर हाजिरी दी। वहीं शाम को अविनाश शर्मा गायन-नृत्य की जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान राधा गोविंददेवजी की मनमोहक झांकी सजाई जाएगी।
इससे एक दिन पहले शाम को आलोक भट्ट ने साथी कलाकारों के साथ कृष्ण भजनों की स्वर लहरियां बिखर कर माहौल को कृष्णमय बना दिया। दो दर्जन से अधिक कलाकारों ने ठाकुर जी के दरबार में गायन-वादन की प्रस्तुति दी। भट्ट ने सबसे पहले ‘मैं तो गिरधर आगे नाचूंगी…’, कमलकांत कौशिक ने ‘वृंदावन जाने को जी चाहता है, राधे-राधे गाने को…’ तथा संजय माहेश्वरी ने ‘श्रीचरणों का ध्यान लगाऊं…’ भजन पेश किया। अन्य कलाकारों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी।