
जयपुर। जयपुर समेत आसपास के सात जिलों की लाइफलाइन माने जाने वाला बीसलपुर बांध सातवीं बार फिर से छलक गया है। बांध के लबालब होने की खबर से क्षेत्र में खुशी की लहर है। आज बांध के दो गेट खोल दिए गए हैं। इससे पूर्व चेतावनी का हूटर बजा दिया गया है। बांध की डाउन स्ट्रीम में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बांध में जलभराव आज सुबह फुल केपेसिटी पर आ गया है। बांध का गेज कुल भराव क्षमता से 10 सेंटीमीटर ज्यादा बढ़कर 315.60 आरएल मीटर पर आ गया।
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विधिवत पूजा अर्चना कर बांध के गेट खोले। हालांकि अभी त्रिवेणी में पानी का बहाव थोड़ा घटकर 3.80 मीटर पर आ गया, लेकिन फिर भी बांध में अनवरत पानी की आवक जारी है। टोंक जिला कलक्टर सौम्या झा समेत जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग के कई अधिकारी बांध पर मौजूद रहे। बांध के गेट नंबर 9 और 10 को एक मीटर उंचाई तक खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई है। पानी की निकासी के साथ ही बांध के डाउन स्ट्रीम क्षेत्र में जलसंसाधन विभाग ने सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। जानमाल और पशुधन की सुरक्षा को लेकर विभाग ने नदी क्षेत्र से ग्रामीणों को दूर रहने की अपील की है।