25 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर
क्षेत्रीय राजनीति में तंत्र-मंत्र की एंट्री: बीजेपी विधायक का खुलासा “चुनाव के दौरान दो बार हुई तंत्र विद्या से मारने की कोशिश”
Play video

क्षेत्रीय राजनीति में तंत्र-मंत्र की एंट्री: बीजेपी विधायक का खुलासा “चुनाव के दौरान दो बार हुई तंत्र विद्या से मारने की कोशिश”

- कांग्रेस के पूर्व विधायक बोले सस्ती लोकप्रियता के लिए की जा रही ऐसी बात - सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा वीडियो

Google source verification

जयपुर

image

MOHIT SHARMA

Dec 05, 2024

कोटपूतली-बहरोड़. जिले की विराटनगर विधानसभा की राजनीति में उस समय सनसनीखेज मोड़ आ गया जब वर्तमान विधायक कुलदीप धनकड़ व पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर का सोशल मीडिया पर 6 मिनट 41 सैकेंड का एक विडियो वायरल हुआ, जिसमें विधायक कुलदीप धनकड़ ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर दावा किया कि 2023 के चुनाव के दौरान उनकी जान लेने के लिए दो बार तंत्र विद्या का प्रयोग किया गया था। एक बार निकटवर्ती ग्राम भुरीभडाज और एक बार जयपुर से उनपर तंत्र प्रयोग कराए गए। यह खुलासा उन्होंने सोशल मीडिया पर किया, जिससे पूरे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया।
हालांकि राजस्थान पत्रिका इस बात की पुष्टि नहीं करता। आधुनिक युग में भी इस तरह के अंधविश्वास की बात की जा रही है। सिटिंग एमएलए की ओर से तंत्र-मंत्र की चर्चा की गई है।

पावटा उप जिला अस्पताल विवाद से जुड़ गया मामला
पिछले दिनों राजस्थान सरकार की बजट घोषणा में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पावटा को उप जिला अस्पताल में अपग्रेड करने की घोषणा की गई थी। विधायक कुलदीप धनकड़ ने हाल ही में पार्टी कार्यकर्ताओं की संगठन पर्व कार्यशाला बैठक में इसे ग्राम लाडाकाबास में शिफ्ट करने की बात कही, जिससे पावटा कस्बे में जबरदस्त आक्रोश फैल गया।
पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर ने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन छेडऩे का आह्वान किया और पावटा में ही अस्पताल बनाने की मांग पर राजनीतिक मुद्दा खड़ा हो गया।

तंत्र विद्या का आरोप और शक की सुई
पावटा उप जिला अस्पताल विवाद के बीच विधायक कुलदीप धनकड़ ने सोशल मीडिया पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें तंत्र विद्या से मारने की दो बार साजिश रची गई थी जिसमें वह अपने आध्यात्मिक गुरु की कृपा से बच गए। हालांकि विधायक ने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया परंतु अपने बयानों में कई बार पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर का नाम लिया जिससे लोगों की शंका का केंद्र इंद्राज गुर्जर बन गए।

पूर्व विधायक की तीखी प्रतिक्रिया
पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर ने कुलदीप धनकड़ के सोशल मीडिया आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भी सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा कि “यदि उनके आरोपों में सच्चाई है तो उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। मुख्यमंत्री से इस मामले की जांच की मांग करता हूं।” ये सब सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने कुलदीप धनकड़ को नसीहत देते हुए कहा कि “विराटनगर क्षेत्र प्यार और भाईचारे की मिसाल रहा है। 21वीं सदी में इस तरह की ढकोसले वाली राजनीति न करें बल्कि मुद्दों और विचारधाराओं की राजनीति करें।”

आरोपों से बढ़ी राजनीतिक गर्मी
इस विवाद ने विराटनगर में राजनीतिक गर्मी और बढ़ा दी है। जहां जनता अस्पताल के मुद्दे पर हल चाहती है, वहीं तंत्र विद्या और व्यक्तिगत आरोपों ने राजनीति को नई दिशा दे दी है।
आश्चर्य और कोतूहल से भरे क्षेत्र के निवासी पूछ रहे हैं कि क्या यह सिर्फ कोई चुनावी विवाद है? या चल रहे अस्पताल के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए है,या सच में तंत्र विद्या से विधायक को मारने की कोशिश हुई?
यह सवाल हर गली-मोहल्ले में चर्चा का विषय बन गया है। मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्रीय राजनीति में इसका असर गहरा हो सकता है।