13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर

Ganesh Chaturthi 2025 जानिए जयपुर में गणेश चतुर्थी पर दर्शनार्थियों के लिए इस बार क्या विशेष व्यवस्था, मनाया सिंजारा महोत्सव

Ganesh Chaturthi 2025 जानिए जयपुर में गणेश चतुर्थी पर दर्शनार्थियों के लिए इस बार क्या विशेष व्यवस्था, मनाया सिंजारा महोत्सव

Google source verification

Ganesh Chaturthi 2025 जयपुर के मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में मंगलवार को गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर सिंजारा महोत्सव मनाया गया। प्रथम पूज्य गणपति को मेहंदी लगाकर भक्तों को पांच हजार किलो से अधिक मेंहदी वितरित की गई। भक्तों में भगवान को अर्पित मेंहदी लेने की होड़ मची रही। इस मौके पर भगवान गणेश जी का राजशाही जमाने का श्रृंगार किया गया। सिंजारा महोत्सव में बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और गणपति के दर्शन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।

गणपति को मेहंदी अर्पित

गणपति को मेहंदी अर्पित कर नवीन वस्त्र धारण कराए गए। गुड़धानी का भोग लगाकर डंके अर्पित किए गए। मुंबई की तर्ज पर रंग बिरंगी रोशनी के साथ ही भजनों की रसधारा ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मोतीडूंगरी गणेश जी मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में विशेष श्रृंगार में स्वर्ण मुकुट धारण कराया। गणेशजी को चांदी के सिंहासन पर विराजमान किया। विशेष चांदी की पोशाक धारण कराई गई।

बुजुर्गों और नि:शक्तजनों के लिए अलग से 100 रिक्शे लगाए

बुधवार सुबह मंगला झांकी के चार बजे से भक्तों को दर्शन होंगे। मंदिर के बाहर भी स्कैनर लगाए गए हैं। भगवान तीन बार पोशाक बदलेंगे। बुजुर्गों और नि:शक्तजनों के लिए अलग से 100 रिक्शे लगाए हैं। सुबह चार से लेकर रात 11 बजे तक ये सुविधा रहेगी। टोंकरोड, जेएलएन मार्ग, सीकर रोड सहित अन्य जगहों से डीजे के साथ पदयात्राओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ।

छह लाईनें मन्दिर में आने और छह लाईनें मन्दिर से जाने के लिए

छह लाईनें मन्दिर में आने और छह लाईनें मन्दिर से जाने के लिए होंगी। सुबह चार बजे मंगला आरती से शुरुआत होगी। विशेष पूजन सुबह 11.20, शृंगार आरती सुबह 11.30 बजे, भोग आरती दोपहर 2.15, संध्या आरती शाम सात बजे और शयन आरती रात 11.30 बजे होगी। वहीं अति प्राचीन दाहिनीं सूंड़ दक्षिणमुखी नहर के गणेशजी मंदिर में तीन दिवसीय उत्सव की शुरुआत मंदिर महंत जय शर्मा के सान्निध्य में हुई। लहरिया पोशाक धारण करवाकर मोदकों की झांकी सजायी गई तथा मेंहदी व सिन्दूर वितरण किया गया।

गढ़ गणेश मंदिर में तीन दिवसीय महागणपति महोत्सव

गढ़ गणेश मंदिर में मनाए जा रहे तीन दिवसीय महागणपति महोत्सव में महंत प्रदीप औदीच्य के सान्निध्य में सिंजारा महोत्सव मनाया। मेहंदी अर्पित कर नवीन वस्त्र धारण कराए गए। बड़ी चौपड़ स्थित ध्वजाधीश गणेश मंदिर में, चौड़ा रास्ता स्थित काले गणेश जी, दिल्ली बाइपास स्थित लाल डूंगरी गणेश, झोटवाड़ा में खिरणी फाटक स्थित गणेश मंदिर, आगरा रोड स्थित गंगोत्री गणेश मंदिर, बरकतनगर के नृत्य गणेश मंदिर में कार्यक्रम हुआ।