
जयपुर। प्रदेश में भले ही सियासी संकट खत्म नहीं हुआ है। असमंजस बरकरार है कि आखिर सीएम बदलेगा या नहीं। मगर इस बीच सरकार जनता से जुड़े काम तेजी से पूरा कर रही है। इसी बीच अब प्रदेश की नई 27 नगरपालिकाओं में नए पदों पर सरकार भर्ती करने जा रही है। करीब 270 पदों पर सरकार यह भर्ती कर रही है। दरअसल, राज्य सरकार की महत्वपूर्ण इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना शुरू को अब प्रदेश के सभी निकायों में लागू किया जाएगा। प्रदेश में नवगठित 27 नगरपालिकाओं में भी योजना को लागू करने के लिए सरकार ने आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही इन नगरपालिकाओं में 270 पदों पर संविदा पर नियुक्ति की जाएगी।
राज्य सरकार ने 9 सितंबर को प्रदेश के निकायों में योजना की शुरुआत की थी। इस दौरान जयपुर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम के जरिए सीएम ने योजना की लॉन्चिंग की थी। योजना के तहत अब नई नगरपालिकाओं में भी 100 दिन का रोजगार दिया जाएगा। साथ ही सरकार की ओर से चिन्हित कार्यों के आधार पर काम चिन्हित कर जॉब कार्ड जारी किए जाएंगे। इसके लिए हेल्प डेस्क भी गठित की जाएगी, जो लोगों को योजना के बारे में जानकारी देगी। ये सभी कार्य निकायों को 15 अक्टूबर तक पूरे करने हैं ताकि जल्द से जल्द योजना का क्रियान्वयन किया जा सके। योजना के लिए सरकार ने 800 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है।
यह भी पढ़ें: मैं बार-बार कहता हूं इसके मायने होते हैं, आखिर क्या है गहलोत के इस बयान के पीछे की कहानी
संविदा पर होगी कार्मिकों की नियुक्ति
इन सभी निकायों में संविदा के आधार पर 270 कार्मिकों की नियुक्ति भी की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक निकाय में दो के हिसाब से 54 कनिष्ठ तकनीकी सहायक, लेखा सहायक के 27, एमआईएस मैनेजर के 27, शहरी रोजगार सहायत के 54, मैन विद मशीन के 54 और मल्टी टास्क वर्कर होमगार्ड के 54 पद संविदा के आधार पर भरे जाएंगे। सभी पदों के अनुसार 7 हजार से 20 हजार रुपए महीने मानदेय दिया जाएगा।