जयपुर। हज 2023 के लिए आवेदनों का सिलसिला अब तक शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में हज के लिए आवेदन करने वालों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर अब तक कोई दिशा—निर्देश जारी नहीं करने से आवेदन करने में देरी हुई है। राजस्थान हज वेलफेयर सोसाइटी महासचिव हाजी निजामुद्दीन ने कहा कि केंद्रीय सेंट्रल हज कमेटी, विदेश मंत्रालय को जल्द से जल्द दिशा—निर्देश जारी करने चाहिए। साथ ही हज के आवेदन भरने की तिथि की घोषणा की जानी चाहिए, ताकि हज यात्रियों को फार्म भरने की सहूलियत मिल सके।
कम हो सकता है किराया
आवेदन शुरू होने के बाद संभवतया जून में होने वाले हज का सफर बिना श्रेणी के चार लाख दस हजार रुपए में इस साल हुआ था। अगली बार यह सफर तीन लाख 20 हजार रुपए तक होने की उम्मीद है। इसकी मुख्य वजह टैक्स का दायरा कम करने के साथ ही विमान का किराया सहित अन्य कटौती है।
हर साल बढ़ रही ख्वाहिश
राजस्थान से हर साल हज की चाह रखने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हो रहा है। हालांकि आवेदन के मुकाबले हर साल कोटा कम रहता है। अगले साल सफर सस्ता होने से आवेदनों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ही हज यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होना तय है। विभिन्न संगठनों ने प्रस्थान स्थल जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू करने की मांग की हैं, ताकि यात्रियों के समय की बचत हो।
ये हैं खास बातें
—हज—2022 में राजस्थान से 2800 हज यात्रियों ने की यात्रा
—कोरोना के कारण 2020-2021 में हज यात्रा पर थी पाबंदी
— कर्बला हज हाउस में हाजियों को मिलेगी सौगात, एक और मंजिल का निर्माण कार्य जून तक पूरा होने की उम्मीद