
जयपुर। जयपुर के नजदीक कोटपूतली-बहरोड़ में लालच ने एक दोस्त को इतना अंधा बना दिया कि वह अपने ही दोस्त का हत्यारा बन गया। बहरोड़ के किरतसिंहपुरा जंगल में 19 जनवरी को हुए ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक राजकुमार एक कंपनी में मजदूरी करता था। वह रोजाना अपनी नई मोटरसाइकिल से काम पर आता-जाता था। 19 जनवरी की सुबह ड्यूटी पर जाने के बाद वह घर नहीं लौटा। दोपहर में सूचना मिली कि किरतसिंहपुरा के जंगल में उसका शव पड़ा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी रिंकु ने बताया कि राजकुमार की नई मोटरसाइकिल देखकर वह लालच में आ गया था। उसने हत्या कर बाइक हड़पने की योजना बनाई। आरोपी ने राजकुमार को बहकाकर नांगलिया गांव में बुलाया। वहां मौज-मस्ती के बाद उसने जंगल में राजकुमार को अधिक शराब पिलाई। नशे में बेसुध होते ही रिंकु ने फरसे से गले और पेट पर वार कर उसकी हत्या कर दी।