No video available
जयपुर. प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन की योजना थी, लेकिन शहर में रातभर से लगातार हो रही बारिश के कारण कांग्रेस की यह योजना धरी की धरी रह गई। बारिश की वजह से जयपुर कांग्रेस को अपना धरना प्रदर्शन टालना पड़ गया। संगठन महासचिव सीताराम शर्मा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं जयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में शहर अध्यक्ष आरआर तिवाड़ी एवं जयपुर देहात अध्यक्ष गोपाल मीणा के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा सरकार की ओर से की जा रही अघोषित बिजली कटौती तथा दरों में की गई वृद्धि, पेयजल समस्या तथा प्रदेश में बेपटरी कानून व्यवस्था के विरोध में गुरुवार सुबह 11 बजे से 1 बजे तक जिलाधीश कार्यालय के बाहर धरना दिया जाना था। लेकिन शहर में हो रही भारी वर्षा के कारण धरने को स्थगित कर दिया गया है। धरने की नई तारीख बाद में तय की जाएगी।