RAAS PURNIMA MAHOTSAV: जयपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर आज चन्द्रग्रहण के चलते मंदिरों में दिन में विशेष आयोजन नहीं हो पा रहे है। इसका असर देव दिवाली पर भी पड़ा है। शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में रास पूर्णिमा उत्सव मनाया जा रहा है। चन्द्रग्रहण के दौरान शाम 5.30 से 6.20 बजे तक विशेष झांकी के दर्शन होंगे। इसके बाद रात 8.45 बजे से 9 बजे तक रास पूर्णिमा की विशेष झांकी के दर्शन होंगे।
गोविंददेवजी मंदिर में चन्द्रग्रहण के चलते शाम की झांकियों में बदलाव किया गया है। शाम को ग्वाल झांकी 4.45 से 5.15 बजे तक होगी, संध्या झांकी रात 8 से 8.15 बजे तक होगी। शयन झांकी रात 9.30 से 9.45 बजे तक होगी। इस बीच शाम 5.30 से 6.20 बजे तक ग्रहणकाल के दौरान विशेष झांकी के दर्शन होंगे। ग्रहण के चलते भक्त मंदिर में परिक्रमा नहीं लगा पाएंगे। ग्रहण के दौरान ठाकुरजी के पट खुले रहेंगे। भक्त हरिनाम संकीर्तन करेंगे।
रास पूर्णिमा की झांकी रात 8.45 से 9 बजे तक
गोविंददेवजी मंदिर में रात 8.45 बजे रास पूर्णिमा की विशेष झांकी के दर्शन होंगे। यह झांकी रात 9 बजे तक रहेगी। ठाकुरजी को सुनहरी पारचे की पोशाक धारण करवाई जाएगी। रास उत्सव की झांकी में खीर और खीरसा भोग लगाया जाएगा। ठाकुरजी के समक्ष रास की खाट सजाई जाएगी, जिसमें चौसर, शतरंज की झांकी सजाई जाएगी।