
जयपुर. राजधानी जयपुर के निकटवर्ती गोनेर कस्बे में शनिवार को जलझूलनी एकादशी पर भगवान लक्ष्मी जगदीश महाराज मेला भर रहा है। महंत हनुमान दास के सान्निध्य में सुबह ठाकुरजी का अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाई गई। मेले में जयपुर के अलावा दौसा, करोली, सवाई माधोपुर, अलवर, टोंक सहित कई जिलों के श्रद्धालु जगदीश महाराज के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। युवाचार्य सुरेंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि शाम 5 बजे आराध्य देव लक्ष्मी जगदीश भगवान अपने निज मंदिर से शहनाई, बैंण्ड बाजों की मधुर ध्वनि के साथ जयकारों के साथ जगन्नाथ सरोवर पर आएंगे। इसके बाद ठाकुरजी को लबालब भरे जगन्नाथ सागर में नौका विहार कराया जाएगा। विजय हनुमान मंदिर के सामने आरती उतारने के बाद ठाकुरजी की नौका को मुख्य घाट पर लाया जाएगा। जहां से जगदीश भगवान पालकी में विराजमान होकर पुन: निज मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। शोभायात्रा में 18 से अधिक सजीव झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा में बलवंत व्यायाम शाला के स्वयंसेवक करतब दिखाएंगे। (फाइल वीडियो )