जयपुर। सावन में एक रात की मूसलाधार बारिश में ही राजधानी जयपुर पानी—पानी हो गया है। जिले में देर रात से लेकर सुबह तक 9 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। वहीं सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बारिश के बाद सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं। शहर के एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, पुलिस थाने दरिया बन चुके हैं। शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है। वहीं सड़क निर्माण में बरती गई लापरवाही की पूरी तरह पोल खुल गई है। कानोता के नजदीक जामडोली क्षेत्र में भरत विहार कॉलोनी में बच्चों से भरी बस सड़क ढहने से पलटते-पलटते बची। उसे निकालने आई जेसीबी भी फंस गई। एक मैजिक भी पलटने से बाल—बाल बचा। निचली जगहों पर बने घरों से सिविल डिफेंस की टीम मोटर से पानी निकाल रही है। जयपुर सिंचाई क्षेत्र में प्रदेशभर में सर्वाधिक 225 मिमी बारिश सुबह 9 बजे तक दर्ज की गई। जयपुर कलक्ट्रेट पर 177 मिमी पानी बरसा। शहर में बारिश का पानी जमा होने पर सड़कों पर यातायात बाधित रहा। वहीं बारिश के कारण कई निजी स्कूलों ने अवकाश घोषित कर दिया।