
सुरेंद्र बगवाड़ा, जयपुर
अभी तक मतदाता सूची में नाम नहीं जुड़ा सकने वाले योग्य लोगों का अब सिर्फ ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए नाम जोड़ा जाएगा। लोकसभा चुनाव-2019 से पहले निर्वाचन आयोग ने ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया को रोक दिया है। ऐसे में अब 8 अप्रेल तक ही नाम जोडऩे के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद वेबसाइट प्रक्रिया को बंद कर देगा। नियमानुसार नामांकन की अंतिम तारीख से 10 दिन पहले तक सूची में नाम जोड़ जा सकते हैं।
– अंतिम प्रकाशन के बाद अभी तक 52 हजार
जिला निर्वाचन अधिकारी जयपुर की ओर से जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 फरवरी 2019 को किया गया था। इसमें 46 लाख 62 हजार 969 मतदाताओं के नाम सूची में थे। इनमें 24 लाख 47 हजार 996 पुरूष और 22 लाख 14 हजार 973 महिला मतदाता हैं। इसके बाद नाम जोडऩे की प्रक्रिया में अभी तक प्राप्त आवेदनों में से 52 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं।
– एनवीएसपी वेबसाइट पर होंगे आवेदन
राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (एनवीएसपी) वेबसाइट या मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड कर आवेदन किया जा सकता हैं। इसमें नाम जोडऩे, कटवाने, संशोधित के लिए आवेदन हो सकते हैं। इस प्रक्रिया में आवेदन की स्थिति भी पता लगाई जा सकती है।