
– आरोपी ने दो महीने पहले अपने साथी विक्रम गुर्जर के साथ मिलकर हाजीपुर में लूट की वारदात को दिया अंजाम
जयपुर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर थाना पुलिस ने लूट की वारदात में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने दो महीने पहले अपने साथी विक्रम गुर्जर उर्फ विक्रम कटारिया के साथ मिलकर हाजीपुर में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी विक्रम कटारिया को गिरफ्तार कर चुकी है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
27 दिसंबर को हाजीपुर निवासी देशराज यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 2 बजे महिंद्रा थार में सवार होकर आए विक्रम कटारिया व तीन अन्य लोगों ने उसकी खाद-बीज की दुकान में घुसकर मारपीट की और देशी कट्टे की नोक पर गल्ले में रखें 5000 रूपए लूट लिए। आरोपियों ने व्यापारी को धमकाया कि उसे 10 लाख रुपये देने होंगे अन्यथा अंजाम बुरा होगा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत के निर्देश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं वृत्ताधिकारी बानसूर दशरथ सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेंद्र मलिक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपियों पर नजर बनाए हुए थी। सटीक इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस टीम ने कृष्ण कुमार उर्फ पोलाड पुत्र शिम्भुदयाल यादव (35वर्ष ) निवासी हाजीपुर थाना बानसूर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब अन्य आरोपियों की पहचान व मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।