सीतापुरा के जेईसीसी में चल रहे 11वें इंडिया स्टोनमार्ट 2022 का रविवार को समापन हो गया। प्रदर्शनी में देश-विदेश के बिजनेस विजिटर्स की जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि चार दिन चलने वाली इस प्रदर्शनी से करीब 1200 करोड़ रुपए के कारोबार होने की उम्मीद है। 12वें इंडिया स्टोनमार्ट का आयोजन 2024 में एक से चार फरवरी के दौरान होगा। इस दौरान करीब 1100 से ज्यादा बी2बी बैठकों का आयोजन हुआ। यह व्यापारियों के साथ-साथ विजिटर्स के लिए भी आकर्षण के केंद्र हैं। शिल्पग्राम में कारीगरों द्वारा प्रदर्शित किए जा रहे उत्पादों से लेकर, फॉरेन एग्जीबिटर्स द्वारा प्रदर्शित किए जा रहे विभिन्न प्रकार के स्टोन्स और स्टोन प्रोसेसिंग की मशीनरी सहित यहां काफी कुछ था। मार्ट के तहत आयोजित किए जा रहे चतुर्थ जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल में आर्किटेक्चर के स्टूडेंट्स व युवा आर्किटेक्ट पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।