– तापमान में बढ़ोतरी से लोगों ने ली कड़ाके की सर्दी से राहत
जयपुर। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। आज सवेरे गुलाबी नगर में बादलवाही के चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस कारण लोगों ने जयपुर व प्रदेश में पड़ रही तीखी सर्दी से राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम में आए इस बदलाव से एक बार तेज सर्दी का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज सवेरे गुलाबी नगर जयपुर में तापमान 13 डिग्री सेल्सियसरेकॉर्ड किया गया। तापमान बढ़ने से लोगों ने तीखी सर्दी से राहत की सांस ली और लोगों को आज सवेरे मौसम में गर्माहट महसूस हुई। वहीं श्रीगंगानगर के मिर्जेवाला क्षेत्र में लगातार धुंध आने से जहां वाहन चालकों को लाइटें जलाकर चलना पड़ रहा है। वही गेहूं,जौ, चना, सरसों आदि फसलों के लिए लाभकारी है। धुंध का पानी पेड़ों की टहनियों से जमीं पर टपक रहा है।
आज सवेरे जयपुर में छाए हल्के बादल
राजधानी जयपुर में आज सवेरे बादलवाही के चलते मौसम में हल्की गर्माहट महसूस हुई। वहीं बादलों के चलते सूर्य की रोशनी भी मंदी रही। वहीं हल्का कोहरा भी दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होगा। मावठ की वजह से फिर से सर्दी का दौर शुरू होगा।