
– आज सवेरे राजधानी जयपुर में लोग धूजते नजर आए
– सर्दी से बचने के लिए लोगाें ने फिर पहने गर्म कपड़े
जयपुर। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश में एक बार फिर सर्दी की रंगत लौट आई है। सर्दी की वापसी के चलते आज सवेरे लोग जयपुर में लोग गर्म कपड़ों में लिपटे हुए नजर आए। दिन निकलने के साथ सूर्य देव ने दर्शन दिए। इसके बाद सर्दी के तेवर थोड़े नरम हुए। राजधानी जयपुर के अलावा पूर्वी जिलों में अभी सर्दी के तेवर बरकरार हैं। वहीं सरहदी जिलों में भी सर्दी की रंगत दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम शुष्क रहने से सर्दी के तेवर अभी बरकरार रहने की संभावना है। होली के आसपास ही सर्दी से राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, हाल में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद एक बार फिर प्रदेश में सर्दी ने दस्तक दी है। आज सवेरे राजधानी जयपुर में तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। शेखावटी अंचल में भी अभी सर्दी के तेवर बरकरार हैं। वहीं श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिलों में आज सवेरे कोहरे की हल्की चादर दिखाई दी।
अंधड़-बारिश का दौर थमा
बीते दिनों पश्चिमी विक्षोभ के असर से रहा अंधड़-बौछारों का दौर अब थम गया है। आसमान से बादल छंटने पर बीती रात कई शहरों में पारे में गिरावट हुई। हालांकि अब भी कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज होने पर सर्दी के तेवर नर्म रहे हैं। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह अधिकांश शहरों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।
प्रदेश में मौसम सर्द
बीती रात शेखावाटी अंचल समेत उत्तर पश्चिमी भागों में पारा सामान्य से कम रहने पर मौसम सर्द रहा। संगरिया 7.4, श्रीगंगानगर 8, नागौर 8.7, माउंटआबू 8.3, फतेहपुर 8.2, पिलानी 9.3, सीकर 10.1 और चूरू में 11.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में बीती रात पारा 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन रात में तेज गति से चली सर्द हवा के कारण मौसम में ठंडक महसूस हुई।
इन जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
बीती रात अजमेर 15.5, भीलवाड़ा 15.5, वनस्थली 14.5, अलवर 12.8, कोटा 17.0, चित्तौड़ 15.7, डबोक 15.5, अंता बारां 14.6, सिरोही 14, करौली 13.7, दौसा 12.8, प्रतापगढ़ 17, बाड़मेर 16.6, जैसलमेर 14.8, जोधपुर 16.5, फलोदी 14.6, बीकानेर 14.2, जालोर 15.9 और लूणकरणसर में 12.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी 4-5 दिन प्रदेश के अधिकांश शहरों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।