– गुलाबी नगर जयपुर में सर्दी का सितम जारी
– आज सवेरे जयपुर में तापमान रहा 9 डिग्री सेल्सियस
जयपुर। सर्दी के तेवर अभी राजधानी जयपुर में तीखे बने हुए है। अभी गुलाबी नगर जयपुर में हाड़कंपाने वाली सर्दी का दौर चल रहा है। आज सवेरे जयपुर में धूप खिली, लेकिन गलन बरकरार होने से सर्दी से धूजणी छूटती दिखाई दी। वहीं प्रदेश के पूर्वी, शेखावाटी अंचल व सरहदी जिले श्रीगंगानगर में सर्दी व कोहरे के तीखे तेवर बरकरार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अभी प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का दौर है। इस कारण बादल हैं। इससे सर्दी का मिजाज हल्का नरम नजर आ रहा है। दो दिन बाद फिर से सर्दी के तेवर तीखे होंगे।
जानकारी के अनुसार, आज सवेरे राजधानी जयपुर में तापमान 9 डिग्री सेल्सियसरेकॉर्ड किया गया। गुलाबी नगर जयपुर में आज सवेरे धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने कई जिलों में अगले 24 घंटे में शीतलहर चलने और कुछ जिलों में घना कोहरा छाने की आशंका को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
गलनभरी सर्दी कांप रहे हाड़
बीती रात प्रदेश के 12 जिलों में हाड़कंपाने वाली सर्दी का जोर रहा। दिन में बर्फीली हवाएं चलने से मैदानी इलाकों में कड़ाके की सर्दी का असर रहा। सीकर के फतेहपुर कस्बे के कृषि अनुसंधान केंद्र पर पारा 0.5 डिग्री दर्ज हुआ। जालोर में 3.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। हालांकि मौसम केंद्र ने कस्बे का न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है।
दो दिन बाद बारिश- कोहरे की संभावना
मौसम विभाग ने 10 से 12 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने प्रदेश के उत्तर पश्चिम और पूर्व के कुछ जिलों में बर्फीली हवाएं चलने और बारिश व घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है। रात के तापमान में दो से चार डिग्री तक गिरावट होने का भी पूर्वानुमान है।