– पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश का अलर्ट
जयपुर। राजधानी जयपुर में एक बार फिर आज मौसम का मिजाज बदल गया है। आज सवेरे से ही गुलाबी नगर जयपुर में हल्के बादल छाए हुए हैं। इससे पिंकसिटी जयपुर में एक बार फिर हल्की ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ छीटे भी पड़ सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज सवेरे राजधानी जयपुर में तापमान 13 डिग्री सेल्सियसरेकॉर्ड किया गया। बीती रात दस से ज्यादा जिलों में पारा पांच डिग्री तक चढ़ने से सर्दी के तेवर थोड़े ढीले रहे। हालांकि दिन में खिली धूप सर्दी से राहत दिला रही है। शेखावाटी अंचल में पारे में गिरावट आई। मौसम विभाग ने प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी भागों में घना कोहरा छाए रहने और तीन संभागों में कल बादल छाए रहने और मेघगर्जन के साथ बौछारें गिरने की संभावना जताई है।
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज और कल प्रदेश के उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने के आसार है। प्रदेश में देर रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई जिलों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। विक्षोभ के असर से प्रदेश के उत्तर पूर्व और पश्चिम के कुछ हिस्सों में कल मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। बीती रात शेखावाटी अंचल समेत 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया।