जयपुर। सावन के महीने में भोलेनाथ के भक्तों के साथ ‘बर्बरता’ का मामला सामने आया है। सांभर पुलिस थाने में देर रात पुलिस कर्मियों ने कांवड़ियों को जमकर पीटा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डीजे के साथ सांवराद से कावड़िए कावड़ लेने के लिए सांभर स्थित देवयानी सरोवर में आए थे। इस दौरान पुलिस उनके डीजे को जब्त कर थाने ले गई। देर रात कावड़िए जब डीजे लेने पुलिस थाने में पहुंचे तो दोनों के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि पुलिस वालों ने कांवड़ियों को पीटा। इधर, कांवड़ियों से मारपीट के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। देर रात से भारी संख्या में लोग पुलिस थाने के बाहर एकत्र हो गए है। आज सुबह से पुलिस थाने के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। मौके पर हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद है। इधर, मामले की जानकारी मिलने पर फुलेरा के पूर्व विधायक निर्मल कुमावत भी मौके पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों से समझाइश के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। एएसपी के नेतृत्व में गठित कमेटी मामले की जांच करेगी।