
कोटपूतली. शहर में चल रहा सीवरेज निर्माण कार्य निर्माण कंपनी की लापरवाही के चलते आमजन के लिए नासूर बन गया है। सीवरेज लाइन बिछाने के बाद तोड़ी गई सडक़ को ठीक करने की बात तो दूर निर्माण कंपनी गड्ढों को भी ठीक से नहीं भर रही है। जिसके चलते कभी बाइक सवार तो कभी ट्रैक्टर, तो कभी स्कूल बस और अब तो यात्रियों से भरी बसें भी इन गड्ढों में घंसने लगी हैं।
मंगलवार रात को शक्ति विहार स्थित स्टेट बैंक के सामने पूतली रोड पर जयपुर से दिल्ली जाने वाली यात्रियों से भरी एक निजी बस सीवरेज लाइन निर्माण के गड्ढों में फंस गई। इस घटना के कारण यात्रियों को लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर बस स्टैंड तक पहुंचना पड़ा। यह स्थिति सीवरेज निर्माण में हो रही अनियमितताओं का एक और उदाहरण है जो स्थानीय निवासियों और यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। शहरवासियों का कहना है की सीवरेज लाइन डालने का यह निर्माण कार्य बेहद खराब निर्माण और नौसिखिया तकनीक का सबूत है, भविष्य में सीवरेज व्यवस्था कोई काम नहीं आने वाली होगी। इसके सही ढंग से कार्य करने को लेकर भी प्रश्न चिन्ह है।
जिला कलक्टर की चेतावनी भी बेअसर
गौरतलब है कि सीवरेज निर्माण की धीमी गति और असावधानी के चलते क्षेत्र में इस प्रकार की पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल ने निर्माण कंपनी के ठेकेदारों को ठीक से कार्य करने की चेतावनी दी थी। कहा गया था कि दोबारा ऐसी लापरवाही हुई तो कंपनी पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद निर्माण कंपनी का गैर जिम्मेदाराना रवैया जारी है। गनीमत रही की सवारियां समय रहते उतर गई अन्यथा दोनों टायर धंसने से एक साइड झुकी बस कभी भी पलट सकती थी।