Viral Video: खुल्लम…खुल्ला प्यार करेंगे हम दोनों. नहीं डरेंगे इस दुनियां से हम दोनों. कुछ ऐसे ही फिल्मी अंदाज में कोटा में हाईवे पर प्रेमी जोड़े का बाइक पर एक—दूसरे को गले लगाना भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा नगरी कोटा की छवि खराब करने को लेकर लोगों ने भी नाराजगी जाहिर की है।
अब आरोपी कपल का ‘माफीनामे’ का वीडियो आया है। इस वीडियो में कपल आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते दिख रहे हैं। आरोपी मोहम्मद वसीम माफ़ी मांगता हुआ कह रहा है कि हमने बाइक पर अश्लील हरकत और अपनी जान जोखिम में डालकर गलत कृत्य किया है। भविष्य में ऐसी गलती नहीं करेंगे। हम लोगों से भी अपील करते हैं कि ऐसा कृत्य कभी ना करें। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई होती है, जैसा हमारे साथ हो रही है।
बता दें कि कोटा की सड़कों पर चलती बाइक पर कपल के रोमांस का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवती बाइक की टंकी पर बैठी हुई नजर आ रही है और लड़के को गले लगाए सड़कों पर घूमती दिखाई दे रही है। यह पूरी घटना सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है।