Weather Update Today: राजस्थान में आगामी सात दिन मौसम कैसा रहने वाला है इसका पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जारी कर दिया है। 25 मार्च को अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़े नजर आए। मौसम विभाग ने राज्य में 2-3 दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। 26 और 27 मार्च को सीमावर्ती क्षेत्रों और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं मेघगर्जन/हल्की बारिश की भी संभावना है। 28 से 30 मार्च के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 28 मार्च को जोधपुर, बीकानेर संभाग के जिलों में आंधी-बारिश होने की संभावना है। 29 और 30 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा प्रभाव रहने की संभावना है। इससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, 40-50Kmph की रफ्तार से आंधी और कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें जिससे उन्हें भीगने से बचाया जा सके। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 38.0 दर्ज किया गया है। जैसलमेर का 36.8, कोटा,चित्तौड़गढ़ और चूरू का 36.4, पिलानी और बीकानेर का 36.3, लूणकरनसर 36.2, पाली 36.1, फलोदी का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री दर्ज किया गया। बात करें न्यूनतम तापमान की तो बाड़मेर का 25.5, फलोदी का 25.4, जैसलमेर का 24.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।