
एआई तस्वीर
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के चहुंमुखी विकास और केंद्र एवं राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। शर्मा ने केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर प्रदेश में ऊर्जा और शहरी नियोजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।
इस दौरान विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों के क्रम में हरित ऊर्जा के विस्तार और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के साथ ही प्रदेश को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
शर्मा ने केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट कर जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल भवन के निर्माण, भरतपुर-डीग व सीकर-झुंझुनूं में नए हवाई अड्डों की संभावनाओं के अध्ययन तथा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन शहरों में उड़ानों की निरंतरता बनाए रखने पर चर्चा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मानपुर (आबू राज) एवं बांसवाड़ा में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने तथा राज्य में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में व्यापक विस्तार के संबंध में अनुरोध भी किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस ताजा मुलाकात में उन्होंने पीएम मोदी को शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर राजस्थान की ओर से उनका अभिवादन किया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही भजनलाल शर्मा केंद्र के साथ बेहतर समन्वय बनाकर राजस्थान को 'अग्रणी राज्य' बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को संक्षिप्त दौरे पर जोधपुर आएंगे और धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर संसदीय कार्य, विधि व विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार सुबह 10.45 बजे जोधपुर हवाई अड्डे आएंगे, जहां से सुबह 10.50 बजे प्रस्थान करेंगे और सुबह 11 बजे शिकारपुरा स्थित हेलिपेड पहुंचेंगे। वे सुबह 11.10 बजे राजाराम आंजना आश्रम जाएंगे, जहां राजाराम महाराज की समाधि स्थल के दर्शन करेंगे।
यह वीडियो भी देखें
वे सुबह 11.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक राजाराम आंजणा आश्रम ट्रस्ट में आयोजित संत राजाराम महाराज के 144वें जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर 12.40 बजे शिकारपुरा हेलिपेड से प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12.50 बजे जोधपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां दोपहर एक बजे घंटाघर में आयोजित रामनवमी शेाभायात्रा व पूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल दोपहर 1.35 बजे जोधपुर हवाई पहुंचेंगे, जहां से दोपहर 1.40 बजे जयपुर जाने का कार्यक्रम है।
Updated on:
25 Mar 2026 08:11 pm
Published on:
25 Mar 2026 08:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
